भारत और पाकिस्तान ने तत्काल प्रभाव से गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति जताई है। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने आज नई दिल्ली में इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशक ने आज दोपहर युद्ध विराम का आह्वान किया, जिसके बाद चर्चा हुई और भारतीय समय अनुसार आज शाम पांच बजे से गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनी। विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि सैन्य कार्रवाई रोकने पर दोनों देशों के बीच सीधे तौर पर सहमति बनी है। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों के बीच किसी अन्य मुद्दे पर किसी अन्य स्थान पर बातचीत करने का कोई निर्णय नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि सैन्य संचालन महानिदेशक 12 मई को दोबारा बातचीत करेंगे।