‘बाबूजी’ की विरासत ही आज यूपी के विकास की आधारशिला बनी है- सीएम योगी

अलीगढ़, 21 अगस्त।* मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को पूर्व सीएम स्व. कल्याण सिंह की चौथी पुण्यतिथि पर आयोजित हिन्दू गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धांजलि देने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘बाबूजी’ (कल्याण सिंह) का पूरा जीवन भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीयता और जनता की सेवा को समर्पित रहा। उनकी विरासत ही आज यूपी के विकास की आधारशिला बनी है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बाबूजी का जन्म अलीगढ़ जिले के एक छोटे से किसान परिवार में हुआ था। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से उन्हें बचपन में ही राष्ट्रीयता के संस्कार मिले। शिक्षक के रूप में और फिर भाजपा कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने अपना जीवन भारत माता और भारतीयता के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि आज उनकी पुण्यतिथि पर प्रदेश की जनता की ओर से, हर रामभक्त की ओर से और उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।*अयोध्या आंदोलन में निभाई ऐतिहासिक भूमिका*सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस ने 1992 में अलोकतांत्रिक तरीके से उनकी सरकार को बर्खास्त किया था। उस कठिन समय में उन्होंने बिना देर किए राम जन्मभूमि आंदोलन के लिए अपने पद का बलिदान दिया। सीएम योगी ने कहा कि जब विवादित ढांचा गिरा, तब कल्याण सिंह जी ने जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली। उन्होंने कहा कि किसी रामभक्त को आंच नहीं आनी चाहिए। उन्होंने साहस दिखाकर श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया।*स्व. कल्याण सिंह ने प्रदेश में रखी विकास और सुशासन की नींव- सीएम योगी*मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में जो विकास, सुशासन और सुरक्षा का वातावरण बना है, उसकी आधारशिला बाबूजी ने 1990 और 1996 के कार्यकाल में रखी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज डबल इंजन की सरकार उन्हीं आदर्शों को अंगीकार करते हुए प्रदेश को नई बुलंदियों की ओर ले जा रही है। यही बाबूजी को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई संस्थानों का नाम बाबूजी की स्मृति में रखा गया है। बुलंदशहर मेडिकल कॉलेज, लखनऊ का सुपर स्पेशलिटी कैंसर हॉस्पिटल और राजधानी में स्थापित उनकी भव्य प्रतिमा इसके उदाहरण हैं।*पीडीए के नाम पर समाज को बांटने का काम कर रहा विपक्ष- मुख्यमंत्री*सीएम योगी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग आज “पीडीए” (परिवार विकास अथॉरिटी) के नाम पर समाज को बांटने का काम कर रहे हैं, वही लोग कभी दंगे भड़काते थे और हिंदू त्योहारों पर रोक लगाते थे। वो लोग कांवड़ यात्रा पर रोक लगाते थे, दुर्गा पूजा और दशहरा उत्सव में बाधा डालते थे। उन्होंने कहा कि जब दंगे होते थे, अलीगढ़, बरेली, मुजफ्फरनगर और मेरठ में हिंसा भड़कती थी, तब ये लोग पीड़ित हिंदुओं, दलितों और पिछड़ों के पक्ष में नहीं बोलते थे। केवल भाजपा उनके साथ खड़ी थी।

उत्तर प्रदेश के भूतपूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिहं की पुण्यतिथि व तृतीय हिंदू गौरव दिवस के अवसर पर अलीगढ़ में धर्मेंद्र प्रधान ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। गुरुवार को उन्होंने कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और उनके सहयोगी दलों को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि कानून पर सवाल उठाने वालों का डरना स्वभाविक है क्योंकि उनकी पार्टियां अपराधियों से भरी पड़ी है। राममंदिर आंदोलन के दौरान कल्याण सिंह द्वारा रामभक्तों पर गोली चलाने के आदेश पर हस्ताक्षर न करने और सत्ता से त्यागपत्र दे देने और केजरीवाल के भ्रष्टाचार के आरोप में जेल जाने के बाद भी सत्ता न छोड़ने का उदाहरण देते हुए प्रधान ने कांग्रेस व विपक्ष की नैतिकता पर सवाल उठाया। उन्होंने कल्याण सिंह को याद करते हुए कहा कि कल्याण सिंह केवल एक व्यक्ति या नेता नहीं बल्कि एक विचार व अनुष्ठान थे। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेत्री उमा भारती, कलराज मिश्र, प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी तथा राजवीर सिंह ने कल्याण सिंह को याद करते हुए उन्हें राष्ट्रवाद और सुराज की प्रेरणा बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *