लखनऊ, 15 जनवरी 2026

प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने गुरुवार को प्रदेश में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) अभियान के अंतर्गत सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि मतदाताओं की सुविधा के लिए आगामी तिथि 18 जनवरी 2026 को मिशन मोड पर प्रत्येक बूथ पर आलेख्य मतदाता सूची एवं अप्राप्त श्रेणी में चिन्हित मतदाताओं की सूची को पढ़कर सुनाया जाए। प्रदेश में अवस्थित समस्त बूथों पर बूथ लेवल अधिकारियों की निर्धारित समय से पूर्व उपस्थिति प्रत्येक दशा में सुनिश्चित की जाए, जिससे कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं प्रभावी रूप से सम्पन्न हो सके।

इस अवसर पर बूथ लेवल अधिकारियों के पास 06 जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची, गणना अवधि के दौरान अप्राप्त (Uncollectable) श्रेणी में चिन्हित मतदाताओं की सूची, साथ ही अनुपस्थित/शिफ्टेड/मृतक/डुप्लीकेट मतदाताओं की सूचियाँ उपलब्ध कराई जाएँ, ताकि मतदाता अपनी प्रविष्टियों का सत्यापन कर सकें।

मतदाताओं की सुविधा हेतु दावे एवं आपत्तियों से संबंधित फार्म 6 (घोषणा-पत्र सहित), फार्म 6ए, फार्म 7 एवं फार्म 8 (घोषणा-पत्र सहित) पर्याप्त मात्रा में सभी बूथों पर उपलब्ध रहेंगे। पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे मौके पर उपस्थित होकर नाम जोड़ने, संशोधन अथवा विलोपन से संबंधित आवेदन निर्धारित प्रपत्रों पर प्रस्तुत करें।

कार्यक्रम की प्रभावी निगरानी हेतु निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) द्वारा संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में यह सुनिश्चित किया जाए कि समस्त बूथों पर निर्धारित कार्यवाही पूर्ण रूप से सम्पन्न हो। बूथ लेवल अधिकारियों के सहयोग हेतु आवश्यकतानुसार अन्य कार्मिकों की भी ड्यूटी लगाई गई है। इस विशेष अभियान का मतदाताओं की जागरूकता हेतु प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया कि एनजीएसपी पर प्राप्त हो रही शिकायतों का समय से निस्तारण किया जाए। डिफॉल्ट प्रकरणों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उनका निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। प्राप्त शिकायतों का तथ्यपरक स्पष्ट उत्तर दिया जाए, जिससे की शिकायतकर्ता संतुष्ट हो सके।

उन्होंने मतदाताओं से प्राप्त हो रहे फॉर्म 6 जो निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के स्तर पर लंबित है या अभी तक बीएलओ असाइन नहीं किया गया है उसपर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि इसे तत्काल प्रोसेस करते हुए निस्तारित कराया जाए।

बुक ए कॉल विथ बीएलओ से संबंधित प्रकरण किसी भी दिशा में 48 घंटे से अधिक लंबित न रहे। यह भी सुनिश्चित किया जाए की बूथ लेवल अधिकारी प्रयास करके मतदाता से बात अवश्य करें, कॉल अनअटेंडेड न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *