04 अगस्त 2026 लखनऊ। प्रदेश के राजकीय तथा निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आई.टी.आई.) में संचालित विभिन्न व्यवसायों, टाटा टेक्नोलॉजी के सहयोग से 211 राजकीय संस्थानों में संचालित 10 दीर्घकालीन व्यवसायों एवं पी०पी०पी० मॉडल पर संचालित राजकीय संस्थानों के विभिन्न व्यवसायों में सत्र 2026-27 के प्रशिक्षण हेतु अभ्यर्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए प्रवेश आवेदन की तिथि को विस्तारित किया गया है। अब अभ्यर्थी वेबसाइट www.scvtup.in पर पूर्व निर्धारित अंतिम तिथि 04 अगस्त 2026 के स्थान पर दिनांक 07 अगस्त 2026 की रात्रि 12.00 बजे तक ऑनलाइन आवेदन व पंजीकरण कर सकेंगे।विशेष सचिव, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता विभाग एवं अधिशासी निदेशक एस.सी.वी.टी. अभिषेक सिंह ने बताया कि अभ्यर्थियों द्वारा ऑनलाइन आवेदन में की गई प्रविष्टियों में यदि कोई त्रुटि हो जाती है, तो उसके संशोधन हेतु 02 दिन (48 घंटे) का समय प्रदान किया जाएगा। अभ्यर्थियों की सुविधा एवं सहायता हेतु विस्तृत विवरणी (दिशा-निर्देश) ई-फार्म के रूप में परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है।प्रवेश हेतु पंजीकरण शुल्क के रूप में सामान्य एवं पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 300 रुपये (तीन सौ मात्र), अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए 250 रुपये (दो सौ पचास मात्र) एवं समस्त महिला अभ्यर्थियों के लिए 100 रुपये (एक सौ मात्र) शुल्क निर्धारित किया गया है। आवेदन संबंधी किसी भी प्रश्न या सहायता के लिए अभ्यर्थी राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद, अलीगंज, लखनऊ के हेल्प डेस्क नंबर 0522-4150500, 7897992063, दूरभाष 0522-2336115, व्हाट्सएप नंबर 9628372929 अथवा ई-मेल help@admissionscvtup.in के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *