लखनऊ 15 अप्रैल। पर्यटन विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए जनपद गोरखपुर में पर्यटन विकास एवं अवस्थापना सुविधाओं के उच्चीकरण हेतु 87.29 करोड़ रूपये की 10 परियोजनायें स्वीकृत की गयी हैं। इनमें से अधिकांश परियोजनायें मुख्यमंत्री के प्रस्ताव पर स्वीकृत की गयी हैं। इन कार्यों को पूरा कराने की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था उ0प्र0 प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन, राज्य पर्यटन विकास निगम लि0 तथा सीएनडीएस को दी गयी है। सभी निर्माण कार्यों में उच्चगुणवत्ता एवं समयबद्धता का पालन सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिये गये हैं। इन परियोजनायें के स्वीकृत का मुख्य उद्देश्य जनपद गोरखपुर को पर्यटन के नक्शे पर स्थापित कर अधिक से अधिक पर्यटकों को आकर्षित करना है।यह जानकारी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि राज्य सेक्टर के अंतर्गत गोरखपुर में स्थित गोरखतलैया, कबीर भूमि का समेकित पर्यटन विकास, परमहंस योगानन्द जी की जन्मस्थली का पर्यटन विकास, जिला योजना में जिलाधिकारी गोरखपुर के प्रस्ताव पर तहसील सदर जेल रोड पर स्थित शिव मंदिर के सौन्दर्यीकरण एवं पर्यटन विकास कार्य कराये जायेगे। इसी प्रकार मुख्यमंत्री पर्यटन विकास सहभागिता योजना के तहत श्रीराम चौहान विधायक खजनी गोरखपुर के प्रस्ताव पर महादेवा शिव मंदिर का पर्यटन विकास कार्य कराया जायेगा। इसी प्रकार मुख्यमंत्री पर्यटन विकास सहभागिता योजना के अंतर्गत श्रवण कुमार निषाद मा0 विधायक चौरी-चौरा गोरखपुर ब्लाक ब्रहमपुर में स्थित प्राचीन काली माता जी मंदिर का पर्यटन विकास कार्य कराया जायेगा। डा0 विमलेश पासवान मा0 विधायक बांसगांव के प्रस्ताव पर गगहा स्थित जय मां करवल देई का पर्यटन विकास, श्री राजेश त्रिपाठी मा0 विधायक चिल्लूपार विधानसभा के अंतर्गत, समय स्थान मंदिर तहसील गोला गोरखपुर का पर्यटन विकास, श्री फतेह बहादुर सिंह मा0 विधायक कैम्पियरगंज गोरखपुर के प्रस्ताव पर तहसील कैम्पियरगंज स्थित झारखंडी महादेव मंदिर का पर्यटन विकास तथा श्री विपिन सिंह मा0 विधायक के प्रस्ताव पर खोराबार स्थित प्राचीन शिव मंदिर स्थित पर्यटन स्थल का पर्यटन विकास कार्य कराया जायेगा।