लखनऊ, 6 सितंबरः* मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को राजधानी लखनऊ से प्रदेशवासियों को परिवहन विभाग की अनेक नई सौगातें दीं। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में सीएम ने विभिन्न सेवाओं, योजनाओं और परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने 1.5 लाख जनसेवा केंद्रों के माध्यम से आमजन तक 45 से अधिक परिवहन सेवाएं पहुँचाने की सुविधा का शुभारंभ किया, सरल परिवहन हेल्पलाइन 149 लॉन्च की, 400 नई बसों को हरी झंडी दिखाई तथा महिला परिचालकों व विभिन्न निवेशकों को नियुक्ति-पत्र व प्रमाणपत्र वितरित किए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने पीपीपी मॉडल पर विकसित किए जाने वाले सात आधुनिक बस स्टेशनों के शिलान्यास सहित जूपिटर ऑडिटोरियम के नवीनीकरण-उच्चीकरण कार्य का भी लोकार्पण किया।*सरल परिवहन हेल्पलाइन 149 का किया शुभारंभ*मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरल परिवहन हेल्पलाइन 149 का शुभारंभ किया। सीएम ने डिजिटल बस ट्रैकिंग (मार्गदर्शी) ऐप का शुभारंभ किया। साथ ही इंटरनेशनल ड्राइविंग परमिट की नई बुकलेट का भी शुभारंभ किया। *तीन महिला परिचालकों को दिया नियुक्ति पत्र*मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत तीन महिला परिचालकों को नियुक्ति पत्र वितरित किया। नियुक्ति पत्र पाने वाली महिला परिचालक आलमबाग डिपो की संगीता गौतम, गोल्डी मौर्या व कैसरबाग डिपो की अंशिका गौतम रहीं। *आईआईटी खड़गपुर व परिवहन विभाग के मध्य हुआ एमओयू*आईआईटी खड़गपुर व परिवहन विभाग के मध्य एमओयू हुआ। मुख्यमंत्री के समक्ष हुए एमओयू में विभाग की तरफ से केपी सिंह व आईआईटी खड़गपुर से प्रो. उदय शंकर ने एमओयू आदान-प्रदान किया। परिवहन निगम व सीएससी के मध्य भी एमओयू हुआ। *400 बसों को दिखाई हरी झंडी*सीएम योगी ने 8 डबल डेकर इलेक्ट्रिक बस, 16 इलेक्ट्रिक बस, 1 रेट्रोफिट इलेक्ट्रिक बस, 10 सीएनजी बस, दो एसी बस, 20 टाटा बस, 43 आशयर सहित 400 बीएस- सिक्स बसों और सड़क सुरक्षा के लिए 11 इंटरसेप्टर को हरी झंडी दिखाई।