लखनऊ, 30 जनवरी 2026 माध्यमिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा विद्यार्थियों में पठन-पाठन की रुचि को प्रोत्साहित करने और ‘पठन अभियान’ को नई दिशा देने के उद्देश्य से 03 फरवरी 2026 को राजकीय जुबली इण्टर कॉलेज, लखनऊ में “स्क्रीन से पन्नों की ओर उत्सव–2026” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन विद्यार्थियों को डिजिटल स्क्रीन से हटकर पुस्तकों की ओर आकर्षित करने की एक अभिनव पहल के रूप में आयोजित किया जा रहा है।कार्यक्रम के अंतर्गत नेशनल बुक ट्रस्ट के सहयोग से एक भव्य पुस्तक प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें देश के प्रतिष्ठित प्रकाशकों राजकमल, वाणी, नेशनल बुक ट्रस्ट, प्रभात सहित अन्य द्वारा पुस्तक स्टॉल लगाए जाएंगे। प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों को विविध विधाओं की पुस्तकों से परिचित होने और अध्ययन की आदत विकसित करने का अवसर मिलेगा।उत्सव में विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री पार्थ सारथी सेन शर्मा की विशेष उपस्थिति रहेगी। वे विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे तथा ‘लेखक संवाद’ सत्र के माध्यम से छात्रों से सीधे संवाद कर उन्हें लेखन, पठन और रचनात्मक सोच के प्रति प्रेरित करेंगे।कार्यक्रम में साहित्य जगत की अन्य हस्तियां श्री यतीन्द्र मिश्र, चन्द्र शेखर वर्मा भी भाग लेकर संवाद करेंगे, ‘स्टोरी टेलिंग और किस्सागोई के माध्यम से हिमांशु पाजपेयी बच्चों को साहित्य की रोचक और कल्पनाशील दुनिया से रूबरू कराएंगे।विद्यार्थियों की बौद्धिक एवं तार्किक क्षमता के विकास हेतु क्विज प्रतियोगिता, सुडोकू, क्रॉसवर्ड तथा समाचार पत्र वाचन जैसी अनेक रोचक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे उनमें ज्ञानवर्धन के साथ-साथ प्रतिस्पर्धात्मक एवं विश्लेषणात्मक क्षमता का विकास हो सके।कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण वे प्रतिभावान छात्र होंगे, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित ‘कला उत्सव–2025’ में विजेता बनकर उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया है। इन विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा उन्हें मंच से सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *