आज घरेलू शेयर बाजार ने शानदार शुरुआत की है। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और विदेशी निवेशकों की जोरदार खरीदारी के चलते सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में शुरुआती कारोबार के दौरान अच्छी तेजी देखने को मिली। आइए जानते हैं आखिर बाजार में यह उछाल क्यों आया और किन शेयरों ने सबसे ज्यादा दम दिखाया।
बुधवार सुबह बीएसई सेंसेक्स करीब 398 अंक की बढ़त के साथ 78,826 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। वहीं, एनएसई निफ्टी भी 63 अंक चढ़कर 24,678 के करीब पहुंच गया।बाजार की इस तेजी की सबसे बड़ी वजह रही कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड का भाव लगभग 1.16 प्रतिशत गिरकर 78.44 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जिससे निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ।इसके अलावा विदेशी संस्थागत निवेशकों यानी एफआईआई ने मंगलवार को 2,446.47 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे, जिसका सकारात्मक असर आज के कारोबार में देखने को मिला।अब निवेशकों की नजर भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) के फैसले पर टिकी है। बाजार को उम्मीद है कि आरबीआई के फैसले से ब्याज दरों और अर्थव्यवस्था की दिशा को लेकर महत्वपूर्ण संकेत मिल सकते हैं।
[कौन से शेयर चमके?]
सेंसेक्स में इंटरग्लोब एविएशन, महिंद्रा एंड महिंद्रा, ट्रेंट, एनटीपीसी, लार्सन एंड टुब्रो और बजाज फिनसर्व के शेयर बढ़त में रहे।वहीं सन फार्मा, टीसीएस, टाइटन और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयरों में शुरुआती गिरावट दर्ज की गई।
[वैश्विक बाजार]
वैश्विक बाजारों से भी सकारात्मक संकेत मिले। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी करीब 4 प्रतिशत और जापान का निक्की 225 लगभग 3 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। चीन और हांगकांग के प्रमुख बाजार भी हरे निशान में हैं। वहीं अमेरिकी शेयर बाजार भी मंगलवार को मजबूती के साथ बंद हुए थे।
फिलहाल बाजार की आगे की दिशा काफी हद तक आरबीआई के मौद्रिक नीति फैसले पर निर्भर करेगी।