अभिलेख सत्यापन में अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों का चयन निरस्त; आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर कटऑफ व अंतिम उत्तर कुंजी अपलोड

अभ्यर्थी एक सप्ताह तक अनुक्रमांक व जन्मतिथि दर्ज कर देख सकेंगे अपने प्राप्तांक

लखनऊ/ प्रयागराज, 16 अक्टूबर 2026।

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज ने प्रशिक्षित स्नातक (विज्ञापन संख्या- 01/2022) के अंतर्गत अंग्रेजी विषय का चयन परिणाम तथा हिन्दी विषय का संशोधित चयन परिणाम शुक्रवार को आधिकारिक रूप से घोषित कर दिया है। इसके साथ ही दोनों विषयों की अंतिम उत्तर कुंजी और कटऑफ अंक भी आयोग की अधिकृत वेबसाइट पर सार्वजनिक कर दिए गए हैं।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रशिक्षित स्नातक के कुल 3,539 विज्ञापित पदों के सापेक्ष विज्ञापन के नियम-12 (अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण अनुदेश) में दी गई व्यवस्था के तहत अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया आयोजित की गई थी। निर्धारित तिथि तथा आयोग द्वारा पुनः निर्धारित की गई अतिरिक्त तिथि के उपरांत भी जो अभ्यर्थी अभिलेख सत्यापन (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) में उपस्थित नहीं हुए, उनका अभ्यर्थन/चयन तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।

इसके पश्चात उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड नियमावली 1998 के नियम 12(8) के प्राविधानों के तहत अंग्रेजी विषय का अंतिम चयन परिणाम, कटऑफ एवं अंतिम उत्तर कुंजी जारी की गई है। वहीं हिन्दी विषय का संशोधित चयन परिणाम, संशोधित कटऑफ एवं अंतिम उत्तर कुंजी भी जारी कर दी गई है। यह समस्त विवरण आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.upessc.up.gov.in पर अभ्यर्थियों के अवलोकनार्थ उपलब्ध करा दिया गया है। उक्त चयन परिणाम उच्च न्यायालय में योजित विभिन्न याचिकाओं में पारित होने वाले अंतिम आदेशों के अधीन रहेगा।

आयोग के उपसचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि अभ्यर्थी अपने प्राप्तांकों का विस्तृत विवरण आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराए गए लिंक के माध्यम से देख सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों को अपना अनुक्रमांक और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी। प्राप्तांक देखने की यह सुविधा विज्ञप्ति जारी होने की तिथि से केवल एक सप्ताह तक ही क्रियाशील रहेगी। प्राप्तांक वेबसाइट पर प्रदर्शित किए जाने के कारण इस संबंध में सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 (RTI) के अंतर्गत अलग से कोई सूचना प्रदान नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *