अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार का भी मिलेगा अवसर
लखनऊ।संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा आयोजित संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलीटेक्निक)-2026 के ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि छात्रहित में बढ़ा दी गई है। प्रदेश के राजकीय, अनुदानित, पीपीपी मोड, अल्पसंख्यक एवं निजी क्षेत्र की पॉलीटेक्निक संस्थाओं में प्रवेश के लिए आयोजित की जाने वाली कम्प्यूटर आधारित प्रवेश परीक्षा हेतु अब अभ्यर्थी 10 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।परिषद के सचिव संजीव कुमार सिंह द्वारा बताया गया है कि पूर्व में आवेदन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 निर्धारित थी, किन्तु अभ्यर्थियों एवं विभिन्न संस्थानों की मांग पर विचार करते हुए आवेदन की तिथि को विस्तारित किया गया है। परिषद ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने में अब केवल तीन दिन शेष हैं, ऐसे में अभ्यर्थी अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपना आवेदन पूर्ण कर लें। आवेदन पत्रों में त्रुटि सुधार की सुविधा भी अभ्यर्थियों को प्रदान की जाएगी। अभ्यर्थी 08 मई से 11 मई 2026 तक अपने आवेदन पत्रों में आवश्यक संशोधन कर सकेंगे। प्रदेश के सभी पॉलीटेक्निक संस्थानों में प्रवेश केवल परिषद द्वारा आयोजित ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा के माध्यम से ही संभव होगा तथा प्रवेश का अन्य कोई माध्यम मान्य नहीं होगा। प्रदेश में उपलब्ध कुल 2,71,093 सीटों के सापेक्ष अब तक लगभग 3 लाख 80 हजार से अधिक अभ्यर्थियों द्वारा आवेदन किया जा चुका है।अभ्यर्थी परिषद की वेबसाइट JEECUP Admission Portal के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी दूरभाष संख्या 0522-2630106, 2630695, 2630667 एवं 2636589 पर संपर्क कर सकते हैं।