लखनऊ, 08 मई, 2026 *स्टांप तथा पंजीयन विभाग में कार्यरत तीन कार्मिकों को कार्य में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोपों में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबित किए गए कार्मिकों में रवि प्रकाश वर्मा उप निबन्धक सदर प्रथम बरेली, तोषक राजन राजपूत कनिष्ठ सहायक निबन्धन, कार्यालय उप निबन्धक सदर प्रथम बरेली तथा शिवम मिश्रा तत्कालीन कनिष्ठ सहायक निबन्धन, कार्यालय उप निबन्धक सदर प्रथम बरेली, सम्प्रति कार्यालय उप निबन्धन सदर द्वितीय, बरेली शामिल हैं। इन कार्मिकों के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई शुरू करते हुए विभागीय जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं। महानिरीक्षक निबंधन श्रीमती नेहा शर्मा द्वारा निलंबन आदेश जारी कर दिए गए हैं।विभागीय जांच में पाया गया कि उक्त कार्मिकों द्वारा पंजीयन प्रक्रिया को प्रश्नांकित करने और विभागीय छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया। इन कार्मिकों ने आवंटित कार्य के विपरीत जाकर विलेखों के प्रलेखन, परीक्षण और पंजीयन में गंभीर अनियमितताएं बरतीं। एक शिकायतकर्ती द्वारा प्राप्त शिकायतों की जांच के बाद ये आरोप आंशिक रूप से सही पाए गए, जिसके आधार पर इन्हें प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई है।इस संबंध में स्टांप तथा पंजीयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री रवींद्र जायसवाल ने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को पूरी कठोरता से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार जनहित के कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता या समझौता स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी जनता को परेशान करने या विभागीय नियमों के विरुद्ध जाकर कार्य करने में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध इसी प्रकार की कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।