मंत्री कपिल देव अग्रवाल के निर्देशन में अभियान को मिली गति

ओरेकल यूनिवर्सिटी के सहयोग से संचालित हो रहा कार्यक्रम

सिर्फ 3 घंटे का ऑनलाइन कोर्स, सफल अभ्यर्थियों को मिलेगा प्रमाण-पत्र

लखनऊ:

डिजिटल भारत के सशक्त निर्माण एवं युवाओं को भविष्य की तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल के निर्देशन में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन द्वारा ‘AI for All’ पहल को प्रदेशभर में प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। इस पहल के अंतर्गत प्रदेश के नागरिकों को निःशुल्क ऑनलाइन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 13 अप्रैल 2026 को मुजफ्फरनगर में आयोजित वृहद रोजगार मेले के दौरान किया गया था। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन द्वारा वैश्विक आईटी संस्था ओरेकल University के सहयोग से संचालित यह कार्यक्रम युवाओं, विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों एवं आम नागरिकों के लिए विशेष रूप से उपयोगी सिद्ध हो रहा है।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तेजी से रोजगार और उद्योगों का स्वरूप बदल रहा है। ऐसे में प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक युवा इस आधुनिक तकनीक का ज्ञान प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनें और रोजगार के नए अवसरों को हासिल करें। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जनपदों में इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि गांव, कस्बों और शहरी क्षेत्रों के अधिकाधिक युवा इस निःशुल्क प्रशिक्षण से जुड़ सकें।

कार्यक्रम के अंतर्गत ‘AI for You: ट्रेनिंग एंड असेसमेंट’ नामक कोर्स लगभग 3 घंटे की अवधि का है, जिसे पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण पूर्ण करने के पश्चात अभ्यर्थियों का ऑनलाइन मूल्यांकन किया जाता है तथा सफल प्रतिभागियों को प्रमाणिक सर्टिफिकेट प्रदान किया जाता है, जो उनके करियर विकास में सहायक सिद्ध होगा।

मिशन निदेशक पुलकित खरे ने बताया कि उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन इस पहल को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और सभी जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाइयों को निर्देशित किया गया है कि वे अधिकतम पंजीकरण सुनिश्चित करें।

इच्छुक अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ‘AI for All’ टैब के माध्यम से सरल प्रक्रिया में निःशुल्क पंजीकरण कर सकते हैं और घर बैठे प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *