29 सितंबर को जारी होगी अधिसूचना, 23 अक्टूबर को होगा मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना
लखनऊ, 22 सितंबर, 2026 उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खण्ड स्नातक के 05 एवं खण्ड शिक्षक के 06 निर्वाचन क्षेत्रों से निर्वाचित सदस्यों का कार्यकाल 06 दिसंबर, 2026 को समाप्त हो रहा है। इनसे होने वाली रिक्तियों को भरने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उत्तर प्रदेश विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है।उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर, 2026 (मंगलवार) को निर्वाचन की अधिसूचना जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 06 अक्टूबर, 2026 (मंगलवार), नामांकन पत्रों की संवीक्षा 07 अक्टूबर, 2026 (बुधवार) तथा नाम वापसी की अंतिम तिथि 09 अक्टूबर, 2026 (शुक्रवार) निर्धारित की गई है।श्री रिणवा ने बताया कि 23 अक्टूबर, 2026 (शुक्रवार) को प्रातः 8ः00 बजे से अपराह्न 4ः00 बजे तक मतदान होगा। 27 अक्टूबर, 2026 (मंगलवार) को मतगणना की जाएगी। निर्वाचन प्रक्रिया को 31 अक्टूबर, 2026 (शनिवार) से पूर्व पूर्ण करा लिया जाएगा।उ0प्र0 विधान परिषद 11 निर्वाचन क्षेत्रों व कार्यकाल समाप्त होने वाले निर्वाचित सदस्यों का विवरण-लखनऊ खण्ड स्नातक से इंजी. अवनीश कुमार सिंह, वाराणसी खण्ड स्नातक से आशुतोष सिन्हा, आगरा खण्ड स्नातक से डॉ. मानवेन्द्र प्रताप सिंह ‘गुरु जी’, मेरठ खण्ड स्नातक से दिनेश कुमार गोयल, इलाहाबाद-झांसी खण्ड स्नातक से डॉ. मान सिंह यादव तथा लखनऊ खण्ड शिक्षक से उमेश द्विवेदी, वाराणसी खण्ड शिक्षक से लाल बिहारी यादव, आगरा खण्ड शिक्षक से डॉ. आकाश अग्रवाल (वित्तविहीन), मेरठ खण्ड शिक्षक से श्रीचन्द शर्मा, बरेली-मुरादाबाद खण्ड शिक्षक से हरी सिंह ढिल्लो, गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक से ध्रुव कुमार त्रिपाठी हैं।मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उक्त विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के संदर्भ में उत्तर प्रदेश के समस्त जनपदों में (कानपुर नगर, कानपुर देहात तथा उन्नाव को छोड़कर) आदर्श आचार संहिता के सुसंगत प्रावधान लागू हो गए हैं। आदर्श आचार संहिता भारत निर्वाचन आयोग के पत्र संख्या 322/ECI/INST/FUNC/BIEN-LC/2016, दिनांक 26 दिसंबर, 2016 में दिए गए प्रावधानों के अनुसार प्रभावी रहेगी।