लखनऊ, 2 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.बी. सिंह ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सभी अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.बी. सिंह ने कार्यालय परिसर में स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने तथा अपने कार्यस्थल एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.बी. सिंह ने कहा, “महात्मा गांधी जी ने स्वच्छता को स्वस्थ और सशक्त समाज की आधारशिला माना था। गांधी जयंती के अवसर पर हम सभी को स्वच्छता को केवल एक दिन का अभियान न मानकर इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लेना चाहिए। इसी उद्देश्य से जनपद के सभी शहरी एवम ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर गांधी जी एवं शास्त्री जी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई। हमारा प्रयास है कि सभी स्वास्थ्य केंद्र स्वच्छ, सुरक्षित और मरीजों के लिए बेहतर वातावरण प्रदान करने वाले हों।”उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी स्वच्छता, जन जागरूकता और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए निरंतर कार्य करते रहें।इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता बनाए रखने और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प भी लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *