दोनों निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के विरूद्ध विधिक कार्रवाई के अतिरिक्त विभागीय कार्रवाई प्रारम्भ करने के भी निर्देश

मतदाता पंजीकरण केन्द्र के कम्प्यूटर सहायक (वी0आर0सी0 ऑपरेटर) की होगी सेवा समाप्त

लखनऊ, 22 अक्टूबर, 2026।

विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र 127-पीलीभीत की मतदाता सूची में दर्ज मतदाताओं के नाम के इपिक नम्बर पर किसी अन्य मतदाता का विवरण प्रदर्शित होने संबंधी शिकायत के संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी, पीलीभीत से विस्तृत जांच आख्या आज प्राप्त हुई। 

प्राप्त जांच आख्या के अनुसार विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र 127-पीलीभीत के मतदाता पंजीकरण केन्द्र के कम्प्यूटर सहायक (वी0आर0सी0 ऑपरेटर) द्वारा दिनांक 31.05.2026 से 29.08.2026 के मध्य मतदाताओं के विवरण में संशोधन हेतु कुल 13,779 फॉर्म-8 की प्रविष्टि की गयी। जिसमें से दिनांक 16.07.2026 तक कुल 4,717 फॉर्मों तथा शेष 9,062 फॉर्मों की प्रविष्टि दिनांक 17.07.2026 से 29.08.2026 के मध्य की गयी। इन सभी प्रविष्टियों से संबंधित कोई भी फॉर्म अथवा अभिलेख कार्यालय में उपलब्ध नहीं पाया गया। इन 13,779 फॉर्म-8 में से कुल 10,470 फॉर्मों को स्वीकृत एवं 3,309 फॉर्मों को अस्वीकृत किया गया। इस प्रकार 10,470 प्रविष्टियों में गड़बड़ी पायी गयी।

प्रविष्टियों में गड़बड़ी के लिए जिम्मेवार 127-पीलीभीत के मतदाता पंजीकरण केन्द्र के कम्प्यूटर सहायक (वी0आर0सी0 ऑपरेटर) तथा विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र 127-पीलीभीत में दिनांक 16.07.2026 तक एवं दिनांक 17.07.2026 से 29.08.2026 तक तैनात निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ई0आर0ओ0) को इस प्रकरण में दोषी मानते हुए इनके विरूद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा-32 एवं भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत विधिक कार्रवाई किये जाने के निर्देश दिये गये हैं। साथ ही प्रकरण में संबंधित सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की भूमिका के संबंध में भी गहनता से जांच कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये हैं।

प्रकरण में दोषी पाये जाने के लिए विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र 127-पीलीभीत के मतदाता पंजीकरण केन्द्र के कम्प्यूटर सहायक (वी0आर0सी0 ऑपरेटर) की सेवा समाप्ति के आदेश दिये गये हैं। दोनों निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ई0आर0ओ0) के विरूद्ध विभागीय कार्यवाही प्रारम्भ किये जाने के निर्देश भी दिये गये हैं। 

विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 की समाप्ति (दिनांक 10.04.2026) से लेकर दिनांक 21.10.2026 के मध्य मतदाता पंजीकरण केन्द्र के कम्प्यूटर सहायक (वी0आर0सी0 ऑपरेटर) द्वारा मतदाता सूची में नाम जोड़ने हेतु प्रविष्ट किये गये समस्त फॉर्म-6 तथा नाम विलोपित किये जाने हेतु प्रविष्ट समस्त फॉर्म-7 की भी गहन जांच कराकर विस्तृत आख्या एक दिन में उपलब्ध कराने के निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारी, पीलीभीत को दिये गये हैं।

इसके अतिरिक्त फॉर्म-8 संबंधी जिन प्रविष्टियों में गड़बड़ी पायी गयी है, उन सभी प्रविष्टियों को नियमानुसार मानक के अनुरूप ठीक कराने की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *