भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश

मतगणना कार्मिकों का प्रशिक्षण, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश

लखनऊ, 25 अक्टूबर, 2026

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद के 05 स्नातक एवं 06 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 की मतगणना से संबंधित तैयारियों की रविवार को समस्त रिटर्निंग ऑफिसर (मण्डलायुक्त) एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (जिला निर्वाचन अधिकारी) के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की। बैठक में उपस्थित अधिकारियों को मतगणना प्रक्रिया के सम्बन्ध में प्रशिक्षित किया गया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतगणना के संबंध में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन करते हुए उनका अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मतगणना की सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने तथा संपूर्ण प्रक्रिया को निर्विघ्न, शांतिपूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि मतगणना स्थल पर भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मतगणना की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों एवं वीडियोग्राफी की समुचित व्यवस्था की जाए। मतगणना के दौरान निर्बाध्य विद्युत आपूर्ति बाधित न हो इस सम्बन्ध में विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित कर दिया जाये। साथ ही विद्युत की वैकल्पिक व्यवस्था जनरेटर के रूप में सुनिश्चित की जाये। जनरेटर की व्यवस्था ऐसे स्थान पर की जाये जिससे मतगणना स्थल पर ध्वनि व प्रदूषण की समस्या न उत्पन्न हो।

उन्होंने कहा कि मतगणना कार्य में लगाए जाने वाले सभी कार्मिकों को विधिवत प्रशिक्षण प्रदान किया जाए, जिससे मतगणना प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके। मतगणना से पूर्व सभी आवश्यक सामग्रियों एवं प्रपत्रों का आंकलन करते हुए मतगणना टेबलों तथा रिटर्निंग ऑफिसर की टेबल की व्यवस्था समय से पूर्ण कर ली जाए। सभी उम्मीदवारों के मतगणना एजेण्टों की नियुक्ति निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की जाए तथा उन्हें नियमानुसार फोटो पहचान पत्र जारी किए जाएं। मतगणना एजेण्टों एवं उम्मीदवारों के बैठने की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी रिटर्निंग ऑफिसर एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर को निर्देशित किया कि मतगणना की तैयारियों की निरंतर निगरानी की जाए और किसी भी आवश्यक व्यवस्था में शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करते हुए मतगणना प्रक्रिया को निर्विघ्न, शांतिपूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से सम्पन्न कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *