नोएडा/लखनऊ , 2 नवंबर 2026. उत्तर प्रदेश सरकार के आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने आज गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, नोएडा में ग्रीन स्किल्स एवं एप्लाइड एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) का उद्घाटन किया। यह केंद्र 1M1B (वन एम वन बी) फाउंडेशन, MeitY Startup Hub और माइक्रोसॉफ्ट के सहयोग से स्थापित किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग, औद्योगिक सस्टेनेबिलिटी और एप्लाइड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में व्यावहारिक कौशल से लैस करना है, ताकि वे राज्य के तेजी से बढ़ते औद्योगिक और प्रौद्योगिकी पारितंत्र में योगदान दे सकें।आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के मार्गदर्शन में शुरू हुआ यह केंद्र युवाओं को ऊर्जा और संसाधन दक्षता बढ़ाने, औद्योगिक प्रक्रियाओं को अनुकूलित करने, अपशिष्ट घटाने, गुणवत्ता नियंत्रण मजबूत करने और डेटा-आधारित निर्णय लेने जैसे क्षेत्रों में एआई के अनुप्रयोगों से जोड़ेगा। साथ ही नवीकरणीय ऊर्जा, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और संसाधन-कुशल उत्पादन से जुड़े ग्रीन स्किल्स का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। केंद्र का फोकस सैद्धांतिक ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक परियोजनाओं, मेंटरिंग, इंटर्नशिप और उद्यमिता के अवसरों पर है।
सुनील कुमार शर्मा ने इस अवसर पर कहा, “हम ग्रीन स्किल्स एंड एप्लाइड एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के जरिए युवाओं को भविष्य की जरूरतों के हिसाब से तैयार करना चाहते हैं। आज भारत टेक्नोलॉजी और एआई के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में हमारे युवाओं को इस मंच का पूरा फायदा उठाना चाहिए, नए विचारों पर काम करना चाहिए, उपयोगी उत्पाद बनाने चाहिए और अपनी स्किल्स को उद्योग की जरूरतों के अनुसार विकसित करना चाहिए। हमारा लक्ष्य सिर्फ युवाओं को नौकरी पाने लायक बनाना नहीं है, बल्कि उन्हें रोजगार देने वाला और अपना व्यवसाय शुरू करने वाला बनाना भी है, ताकि वे राज्य और देश की तरक्की में योगदान दे सकें।”माइक्रोसॉफ्ट की वरिष्ठ निदेशक – एलिवेट सीएसआर, मंजू धस्माना ने कहा कि यह केंद्र उत्तर प्रदेश को एआई क्षेत्र में आगे बढ़ाने और भविष्य की अर्थव्यवस्था के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह माइक्रोसॉफ्ट एलिवेट की ‘एआई + जॉब्स’ सोच को दर्शाता है।नोएडा स्थित यह केंद्र 1M1B और माइक्रोसॉफ्ट द्वारा MeitY Startup Hub के सहयोग से बनाए जा रहे पांच ग्रीन स्किल्स एवं एप्लाइड एआई सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस के राष्ट्रीय नेटवर्क का हिस्सा है। बेंगलुरु, लखनऊ, हैदराबाद और अहमदाबाद के केंद्रों के साथ यह नेटवर्क 2030 तक एक लाख युवाओं को एप्लाइड एआई और ग्रीन स्किल्स से जोड़ने का लक्ष्य रखता है।
उत्तर प्रदेश के आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के सक्रिय सहयोग से शुरू हुआ यह प्रयास राज्य को विनिर्माण, इलेक्ट्रॉनिक्स और उभरती प्रौद्योगिकियों के प्रमुख गंतव्य के रूप में और मजबूत करेगा तथा युवाओं को टिकाऊ औद्योगिक विकास में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए तैयार करेगा।उद्घाटन समारोह में मंत्री सुनील कुमार शर्मा के साथ-साथ गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह, डीन प्रो. राजीव वार्ष्णेय, माइक्रोसॉफ्ट की वरिष्ठ निदेशक मंजू धस्माना, 1M1B फाउंडेशन के संस्थापक एवं चीफ मेंटर मानव सुबोध तथा सरकार, शिक्षा जगत और उद्योग के वरिष्ठ प्रतिनिधि व युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे।