उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में विज्ञापन संख्या 05/2026 हेतु ऑनलाइन पोर्टल पुनः खुला

10 अगस्त 2017 को सेवारत और 01 अप्रैल 2019 से पूर्व एनआईओएस डीएलएड अर्हताधारी 11 नवम्बर तक कर सकेंगे आवेदन

13 नवम्बर तक आवेदन में संशोधन की सुविधा; 03 व 04 दिसम्बर को आयोजित होगी लिखित परीक्षा

लखनऊ, 06 नवम्बर 2026।

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि आयोग द्वारा विज्ञापित सहायक अध्यापक, नगरीय (URBAN) बेसिक शिक्षा विभाग तथा सहायक अध्यापक सम्बद्ध प्राइमरी (अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय) माध्यमिक शिक्षा विभाग (विज्ञापन संख्या 05/2026) के अंतर्गत सेवारत एनआईओएस डीएलएड शिक्षकों को ऑनलाइन आवेदन का अंतरिम अवसर प्रदान किया गया है। उन्होंने बताया कि उच्च न्यायालय द्वारा याचिका रिट ‘ए’ संख्या-11920/2026 (अभिषेक पाठक व 44 अन्य बनाम यूनियन ऑफ इण्डिया मिनिस्ट्री ऑफ एजुकेशन व अन्य) में दिनांक 05 नवम्बर 2026 को पारित आदेश के अनुपालन में ऐसे सभी सेवारत अध्यापक, जो एनआईओएस (NIOS) द्वारा प्रदत्त D.El.Ed.-ODL उत्तीर्ण हैं, उन्हें अंतरिम रूप से आवेदन की अनुमति दी गई है।

आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि ऐसे सेवारत अध्यापक, जो दिनांक 10 अगस्त 2017 को सेवा में थे तथा दिनांक 01 अप्रैल 2019 के पूर्व से एनआईओएस के माध्यम से 18 माह की D.El.Ed.-ODL अर्हता धारित करते हैं, वे आयोग के पोर्टल पर अपना आवेदन सबमिट कर सकते हैं। उच्च न्यायालय के निर्देशों के क्रम में अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आयोग का ऑनलाइन आवेदन पोर्टल 06 नवम्बर 2026 से पुनः क्रियाशील कर दिया गया है।

पात्र अभ्यर्थी 11 नवम्बर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा कर अपना आवेदन अंतिम रूप से सबमिट कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन में किसी भी प्रकार की त्रुटि सुधार हेतु संशोधन की अंतिम तिथि 13 नवम्बर 2026 नियत की गई है। इसके साथ ही उन्होंने अवगत कराया कि प्रश्नगत सहायक अध्यापक पदों हेतु लिखित परीक्षा आगामी 03 एवं 04 दिसम्बर 2026 को आयोजित की जाएगी।

अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने स्पष्ट किया कि उक्त व्यवस्था के अनुसार आवेदन करने वाले सभी अभ्यर्थियों का अभ्यर्थन उच्च न्यायालय द्वारा प्रश्नगत रिट याचिका में पारित होने वाले अंतिम आदेशों के अधीन रहेगा। उन्होंने बताया कि परीक्षा को पूर्ण शुचिता, निष्पक्षता एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए आयोग द्वारा समस्त आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *