अब अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां नहीं चलेंगी, जय श्रीराम बोलने पर नहीं चलेगी लाठी: मुख्यमंत्री योगी

रामघाट हॉल्ट स्थित निषाद बस्ती में आयोजित ‘दीपावली मिलन कार्यक्रम’ में शामिल हुए मुख्यमंत्री

नई अयोध्या के निर्माण में सफाईकर्मियों, नाविकों और आमजन का योगदान स्वर्णाक्षरों में दर्ज होगा: मुख्यमंत्री

दलितों, सफाईकर्मियों और नाविकों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री, उपहार व मिठाइयां भेंट कर मनाई दीपावली

ऐतिहासिक दीपोत्सव के अगले दिन स्वच्छ रहे सरयू घाट, मुख्यमंत्री ने सफाईकर्मियों, गोताखोरों व उत्कृष्ट पार्षदों को किया सम्मानित

अयोध्या, 08 नवंबर। रामनगरी अयोध्या में भव्य और ऐतिहासिक दीपोत्सव के अगले दिन, दीपावली के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामघाट हॉल्ट के निकट निषाद बस्ती पहुंचकर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के साथ खुशियां बांटीं। रविवार को आयोजित इस विशेष ‘दीपावली मिलन कार्यक्रम’ में मुख्यमंत्री ने दलित परिवारों, सफाईकर्मियों, नाविकों (मांझी समाज) और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पार्षदों को अपने हाथों से दीपावली के उपहार और मिठाइयां भेंट कीं। इस दौरान उन्होंने दीपोत्सव को सफल बनाने और अवधपुरी को स्वच्छ रखने में इन सभी के अमूल्य योगदान को स्वर्णाक्षरों में दर्ज होने योग्य बताया।

इसी आत्मीय आयोजन के मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या की सुरक्षा और मर्यादा को लेकर एक बेहद कड़ा और स्पष्ट संदेश भी दिया। उन्होंने कहा, “हमें यह संकल्प लेना होगा कि आने वाले समय में हमारी अयोध्या के वैभव पर किसी ‘मंथरा’ या ‘मारीच’ की कुदृष्टि न पड़े। अयोध्या को फिर से बदनाम करने और यहां के वैभव को लूटने की कोई भी कुचेष्टा अब सफल नहीं होने दी जाएगी। अब अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां नहीं चलेंगी। अब यहां ‘जय श्रीराम’ बोलने पर कोई लाठी-डंडा नहीं चला सकता और न ही पंचकोसी, 14 कोसी या 84 कोसी परिक्रमा पर कोई प्रतिबंध लगा पाएगा।”

सफाईकर्मियों के समर्पण ने किया अभिभूत

मुख्यमंत्री ने अयोध्या के सफाईकर्मियों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा, “कल दीपोत्सव में 30 लाख से अधिक दीपक प्रज्वलित हुए। देश-दुनिया के लाखों श्रद्धालु देर रात तक अयोध्या की सड़कों और घाटों पर उमड़ते रहे। लेकिन आज सुबह जब मैं निकला, तो यह देखकर आश्चर्यचकित रह गया कि सभी घाट और सड़कें पूरी तरह स्वच्छ थीं। कहीं कोई गंदगी या अव्यवस्था नहीं थी। इस अद्भुत कार्य और समर्पण के लिए मैं अयोध्या के सभी सफाईकर्मियों का हृदय से अभिनंदन करता हूं।”

नाविकों और गोताखोरों की मुस्तैदी को सराहा

सरयू घाट पर नाविकों के योगदान को सराहते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “जब हम सरयू जी की महाआरती कर रहे थे, तब हमारे नाविक बड़ी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहे थे। हर पर्व, अमावस्या और पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालु सरयू में स्नान करते हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आस्था को संरक्षित करने में हमारे नाविकों, मांझियों और निषादों का जो मजबूत योगदान होता है, वह अत्यंत अभिनंदनीय है।”

मुख्यमंत्री के हाथों इन्हें मिला सम्मान और उपहार

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय निषाद व दलित परिवारों के अवधेश निषाद, सूरज निषाद, चंदा निषाद, कौशल्या निषाद और रेनू निषाद सहित बच्चों (काजल निषाद, आराध्या, माधवी गौतम व अंश) को दीपावली के उपहार और मिठाइयां भेंट कीं। स्वच्छता में उत्कृष्ट कार्य के लिए सफाईकर्मी ज्योति, सुनीता, संदीप व अरुण के साथ-साथ विभिन्न वार्डों के पार्षदों कुंती पांडेय (पाटेश्वरी नगर वार्ड), मनीषा यादव (चित्रगुप्त नगर वार्ड), रामतीर्थ (लाला लाजपत नगर वार्ड), सूर्य कुमार तिवारी (कल्याण सिंह वार्ड) और अभिनव पांडेय (झूलेलाल नगर वार्ड) को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वहीं, सरयू घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा में मुस्तैद रहने वाले गोताखोरों सतीश मांझी, बृजेश मांझी, जगनू मांझी, बाबू निषाद और अभिषेक निषाद को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।

नई अयोध्या के निर्माण में सबका योगदान

त्रेतायुग का स्मरण कराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार भगवान श्रीराम ने निषादराज, माता शबरी, वानर और भालुओं को साथ लेकर राक्षसों के खिलाफ मोर्चाबंदी की थी, उसी प्रकार आज की इस ‘नई अयोध्या’ के निर्माण में हर वर्ग का योगदान है। उन्होंने कहा, “आज की अयोध्या साक्षात त्रेतायुग का स्मरण करा रही है। आने वाली पीढ़ियां आपके प्रति कृतज्ञ रहेंगी कि जब नई अयोध्या बन रही थी, तब हमारे पूर्वजों ने भी अपना अमूल्य योगदान दिया था।”

कार्यक्रम में रहे उपस्थित

कार्यक्रम में मंत्री सूर्य प्रताप शाही, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, विधायक रामचंद्र यादव और अयोध्या नगर निगम के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी सहित प्रशासन के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *