चयनित अभ्यर्थियों का विवरण एवं कटऑफ आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.upessc.up.gov.in पर प्रदर्शित

21 नवम्बर से एक सप्ताह तक वेबसाइट पर अनुक्रमांक व जन्मतिथि अंकित कर अपने प्राप्तांक देख सकेंगे अभ्यर्थी

लखनऊ, 20 नवम्बर 2026।

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि आयोग द्वारा विज्ञापन संख्या 02/2026 के अंतर्गत अशासकीय अनुदानित महाविद्यालय एवं महिला महाविद्यालयों में प्राचार्य पद के विज्ञापित 111 पदों के सापेक्ष अंतिम चयन परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद की लखनऊ खंडपीठ में योजित विशेष अपील संख्या 521/2026 में 20 नवम्बर 2026 को पारित आदेश के अनुपालन में 01 पद रोकते हुए कुल 110 चयनित अभ्यर्थियों का अंतिम परिणाम जारी किया गया है।

आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि उक्त विज्ञापन के अंतर्गत प्राचार्य पद हेतु लिखित परीक्षा विगत 24 सितम्बर 2026 को संपन्न कराई गई थी। लिखित परीक्षा में सफल घोषित अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 27, 28, 30 व 31 अक्टूबर 2026 तथा 17 नवम्बर 2026 को आयोजित किया गया। लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों का विवरण एवं कटऑफ आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.upessc.up.gov.in पर प्रदर्शित कर दिया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि साक्षात्कार के समय वांछित अभिलेख प्रस्तुत न करने के कारण कतिपय अभ्यर्थियों का चयन परिणाम औपबंधिक (प्रोविजनल) घोषित किया गया है।

परीक्षा में सम्मिलित अभ्यर्थी अपने प्राप्तांक का विवरण आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से अपना अनुक्रमांक एवं जन्मतिथि अंकित कर 21 नवम्बर 2026 से आगामी एक सप्ताह तक देख सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के अंतर्गत कोई अलग से सूचना दिया जाना संभव नहीं होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *