सभी मतदेय स्थलों पर प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे बीएलओ
पंजीकरण से छूटे पात्र नागरिकों विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष जोर
लखनऊ, 20 नवम्बर, 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि में नागरिकों की सुविधा के लिए प्रदेश में विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। ये अभियान दिवस 21 नवम्बर (शनिवार), 22 नवम्बर (रविवार), 28 नवम्बर (शनिवार) एवं 29 नवम्बर (रविवार), 2026 को आयोजित होंगे। उन्होंने समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विशेष अभियान दिवसों का आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जाए तथा भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन कराया जाए।
उन्होंने बताया कि 21 एवं 22 नवम्बर को प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। बीएलओ के पास 17 नवम्बर, 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी, जिससे नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जांच कर सकेंगे। बीएलओ के पास पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 उपलब्ध रहेंगे। नागरिकों की सुविधाओं एवं उनकी जिज्ञासाओं तथा आवेदन में सहयोग हेतु प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी सक्रिय रखी जाएगी। नागरिकों की जिज्ञासाओं के समाधान एवं आवश्यक जानकारी तथा सहायता उपलब्ध कराने के लिए जनपद स्तर पर हेल्पलाइन नं० 1950 भी सक्रिय रहेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विशेष अभियान दिवसों के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं को शामिल कराने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इस अभियान में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए), पूर्व/वर्तमान ग्राम प्रधानों/पार्षदों एवं स्थानीय स्वयंसेवकों का सहयोग लिया जाए। सामाजिक संगठनों को भी अभियान से जोड़कर पात्र नागरिकों तक जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इन विशेष अभियान दिवसों का लाभ उठा सकें।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी विशेष अभियान दिवसों पर मतदेय स्थलों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें। जिला निर्वाचन अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि विशेष अभियान के संचालन में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए।
उन्होंने बताया कि अभियान दिवसों के कुशल पर्यवेक्षण हेतु मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में कार्यरत अधिकारीगण भी विभिन्न जनपदों में स्थलीय निरीक्षण करेंगे, जिसमें उनके द्वारा मतदेय स्थलों का निरीक्षण एवं बीएलओ के कार्यों की गुणवत्ता का आंकलन भी किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सभी प्रदेश वासियों से अनुरोध किया है कि वे विशेष अभियान दिवसों पर अपने मतदेय स्थलों पर पहुंचकर आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। आलेख्य मतदाता सूची में नाम न होने पर पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर नाम दर्ज कराने हेतु पंजीकरण करायें एवं मतदाता सूची में किसी प्रविष्टि के संशोधन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची में नाम दर्ज होना आवश्यक है। सभी नागरिक विशेष अभियान दिवसों में सक्रिय सहभागिता निभाएं और मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं समावेशी बनाने में सहयोग करें।