वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग की अध्यक्षता एवं प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा की उपस्थिति में गोरखपुर, वाराणसी एवं बस्ती मंडलों के 11 जनपदों की निर्वाचन तैयारियों की हुई समीक्षा
बैठक में तीन मंडलों के मंडलायुक्त, पुलिस आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक/पुलिस उप महानिरीक्षक, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक रहे उपस्थित
वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त ने मतदाता सूची की शुद्धता बनाए रखने तथा शून्य त्रुटि, शून्य हिंसा एवं शून्य प्रलोभन (Zero Error, Zero Violence, Zero Inducement) के लक्ष्य के साथ निर्वाचन संपन्न कराने के दिए निर्देश
मतदाता सूची, मतदान केंद्रों, EVM एवं VVPAT, निर्वाचन कार्मिकों के प्रशिक्षण, निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण, कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर हुई समीक्षा
85 वर्ष से अधिक आयु के एवं दिव्यांग मतदाताओं को आयोग के निर्देशानुसार उपलब्ध कराई जाएगी होम वोटिंग की सुविधा
cVIGIL एवं Suvidha के संबंध में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए किया जाएगा व्यापक प्रचार प्रसार
गोरखपुर/लखनऊ, 26 नवम्बर, 2026
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों के संबंध में भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग की अध्यक्षता एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा तथा आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में गोरखपुर, वाराणसी एवं बस्ती मंडलों के प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ जनपद गोरखपुर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
समीक्षा बैठक में गोरखपुर, वाराणसी एवं बस्ती मंडलों के अंतर्गत आने वाले कुल 11 जनपदों में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया गया। बैठक में संबंधित मंडलायुक्तों, पुलिस आयुक्तों, पुलिस महानिरीक्षकों एवं पुलिस उप महानिरीक्षकों, जिला निर्वाचन अधिकारियों तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों/पुलिस अधीक्षकों द्वारा प्रतिभाग किया गया। संबंधित अधिकारियों द्वारा जनपद एवं मंडल स्तर पर निर्वाचन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में प्रस्तुतीकरण दिया गया।
समीक्षा बैठक में गोरखपुर, वाराणसी एवं बस्ती मंडलों के अंतर्गत आने वाले कुल 11 जनपदों में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया गया। बैठक में संबंधित मंडलायुक्तों, पुलिस आयुक्तों, पुलिस महानिरीक्षकों एवं पुलिस उप महानिरीक्षकों, जिला निर्वाचन अधिकारियों तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों/पुलिस अधीक्षकों द्वारा प्रतिभाग किया गया। संबंधित अधिकारियों द्वारा जनपद एवं मंडल स्तर पर निर्वाचन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में प्रस्तुतीकरण दिया गया।
बैठक में संबंधित जनपदों की निर्वाचन तैयारियों की प्रगति एवं निर्वाचन प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए की जा रही कार्यवाहियों की समीक्षा की गई। इसमें मतदाता सूची को त्रुटिरहित तैयार एवं अद्यतन करने संबंधी कार्यवाही, मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों पर आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं की उपलब्धता (AMF), EVM एवं VVPAT की उपलब्धता एवं प्रबंधन, निर्वाचन कार्मिकों की उपलब्धता एवं प्रशिक्षण, जनपदवार निर्वाचन प्रबंधन योजना (DEMP) तथा निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारु संचालन से जुड़े विभिन्न विषय शामिल रहे। इसके अतिरिक्त कानून-व्यवस्था की स्थिति, क्रिटिकल एवं वल्नरेबल मतदेय स्थलों का चिह्नीकरण एवं प्रभावी प्रबंधन, सुरक्षा बलों की उपलब्धता एवं तैनाती की योजना, मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं, मतदेय स्थलों की वेबकास्टिंग, निर्वाचन के दौरान पुलिस एवं प्रशासन के बीच समन्वय तथा निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण से संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। विगत निर्वाचनों के अनुभवों के आधार पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) की उपलब्धता, आवश्यकता एवं तैनाती की रणनीति पर भी चर्चा की गई।
वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी निर्वाचन संबंधी कार्यों एवं कार्मिकों के प्रशिक्षण में व्यक्तिगत रुचि लेते हुए नियमित समीक्षा एवं सतत अनुश्रवण करें। निर्वाचन से संबंधित समस्त कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरी पारदर्शिता, शुद्धता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वाचन अधिनियमों, नियमों तथा भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराए जाएं। निर्वाचन तैयारियों में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन को शून्य हिंसा (Zero Violence), शून्य प्रलोभन (Zero Inducement) एवं शून्य त्रुटि (Zero Error) के लक्ष्य के साथ संपन्न कराने हेतु सभी स्तरों पर ठोस कार्ययोजना के अनुरूप कार्य किया जाए।
उन्होंने मतदाता सूची की शुद्धता एवं गुणवत्ता (Health of Electoral Roll) बनाए रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO), BLO एवं सुपरवाइजर्स का समुचित प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मतदाता सूची से संबंधित आवेदन पत्रों एवं उनके सत्यापन की जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं मंडलायुक्तों द्वारा स्वयं सुपर चेकिंग (Super Checking) किए जाने तथा मंडलायुक्त एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी स्तर से मतदाता सूची संबंधी कार्यों का प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने मतदान केंद्रों पर आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं (AMF) की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश के साथ ही EVM जागरूकता कार्यक्रम (EVM Demonstration) मतदान केंद्रों के साथ-साथ स्कूलों एवं कॉलेजों में भी व्यापक स्तर पर संचालित करने पर बल दिया।
वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त ने मतदाता सूचना पर्चियों (Voter Information Slip) का समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने तथा सेवा मतदाताओं को ETPBS की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने क्रिटिकल एवं वल्नरेबल मतदेय स्थलों के चिह्नीकरण एवं प्रभावी प्रबंधन तथा सीमावर्ती जनपदों के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित करने पर विशेष जोर दिया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने कहा कि समीक्षा बैठकों का उद्देश्य जनपद स्तर पर निर्वाचन तैयारियों का आकलन करना, कमियों को चिह्नित करना तथा उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने मतदाता सूची की शुद्धता एवं गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के ध्येय ‘कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में सम्मिलित होने से वंचित न रहे’ के अनुपालन में छूटे हुए पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं को मतदाता सूची में सम्मिलित करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के समस्त 75 जनपदों में DCC (Helpline-1950) को सक्रिय किया गया है, जिसके माध्यम से मतदाताओं को आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। DCC हेल्पलाइन का समुचित प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। हेल्पलाइन-1950, NGSP, Book a Call With BLO, जिला नियंत्रण कक्ष एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा करते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को दिए गए हैं।
उन्होंने समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए कि CVIGIL App के संबंध में संबंधित कार्मिकों का समुचित प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा जनसामान्य के बीच इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि निर्वाचन के दौरान आदर्श आचार संहिता एवं निर्वाचन व्यय संबंधी नियमों के उल्लंघन की शिकायतों के लिए CVIGIL App का प्रभावी उपयोग किया जा सके। इसी प्रकार उम्मीदवारों को एक सुव्यवस्थित अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से विकसित Suvidha App के उपयोग के संबंध में भी भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए इनका व्यापक प्रचार-प्रसार किए जाए। उन्होंने बताया कि मतदाता जागरूकता, मतदान प्रतिशत में वृद्धि एवं निर्वाचन प्रक्रिया में मतदाताओं की सहभागिता बढ़ाने हेतु प्रदेश में व्यापक स्तर पर SVEEP गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों को दोहरी प्रविष्टियों से मुक्त मतदाता सूची (Duplicate Free Electoral Roll) सुनिश्चित करने हेतु DSE एवं PSE का समुचित सत्यापन करते हुए अनुपस्थित, स्थानांतरित, दोहरी प्रविष्टि एवं मृतक (ASDD) मतदाताओं का नियमानुसार सत्यापन तथा अपात्र प्रविष्टियों का विधिसम्मत निस्तारण सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि BLO सुपरवाइजर एवं BLO के माध्यम से टेबल टॉप एक्सरसाइज (Table Top Exercise) कराकर मतदाता सूची की गहन जांच की जाए, ताकि दिनांक 04 जनवरी, 2027 को मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के पश्चात उसमें किसी प्रकार की त्रुटि न रहने पाए।
उन्होंने सभी मतदान केंद्रों पर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, छाया, पर्याप्त फर्नीचर, महिलाओं एवं पुरुषों के लिए पृथक शौचालय, दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप तथा मतदान केंद्रों तक सुगम पहुंच एवं समुचित सड़क व्यवस्था सहित आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दौरान समस्त मतदेय स्थलों पर वेबकास्टिंग कराई जाएगी। मतदेय स्थलों में कैमरों को सुव्यवस्थित ढंग से स्थापित करने तथा वेबकास्टिंग की प्रभावी निगरानी हेतु प्रशिक्षित कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि EVM की जांच प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत सभी जनपदों में 20 नवम्बर से EVM डेमोंस्ट्रेशन सेंटर (EDC) प्रारंभ किए जा चुके हैं। आयोग के निर्देशानुसार मतदाताओं में जागरूकता एवं विश्वास बढ़ाने हेतु ये केंद्र सभी जनपद एवं तहसील मुख्यालयों पर संचालित किए जा रहे हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में मोबाइल जागरूकता वैन भी संचालित की जाएंगी, जिनके माध्यम से गांवों, मोहल्लों एवं मतदान केंद्रों तक पहुंचकर मतदाताओं को EVM से मतदान करने तथा VVPAT में लगभग 07 सेकंड तक दिखाई देने वाली पर्ची के माध्यम से अपने मत के सत्यापन की प्रक्रिया के संबंध में जागरूक किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन से जुड़े सभी अधिकारियों/कार्मिकों का समुचित एवं समयबद्ध प्रशिक्षण कराते हुए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी को भारत निर्वाचन आयोग के समस्त निर्देशों की भली-भांति जानकारी रहे। मतदेय स्थलों, मतगणना केंद्रों एवं DCRC पर अग्रिम तैयारियां सुनिश्चित की जाएंगी तथा मूवमेंट प्लान, रूट चार्ट एवं काउंटिंग प्लान आदि को अद्यतन करने का कार्य समय से पूर्ण कर लिया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं एवं दिव्यांग मतदाताओं को होम वोटिंग की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराते हुए इसका व्यापक प्रचार-प्रसार भी कराया जाएगा, ताकि पात्र मतदाताओं को इस सुविधा का लाभ मिल सके। इसके लिए जनपद स्तर पर ऐसे मतदाताओं का पूर्व आकलन (Assessment) कर उसी के अनुरूप टीमों के गठन आदि की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। इसके अतिरिक्त ELC गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने हेतु जनपदों के सभी शिक्षण संस्थानों में ELC Day मनाए जाने के लिए दिवस निर्धारित करने का अनुपालन समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों द्वारा सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि समस्त जिला निर्वाचन अधिकारी समय-समय पर राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें आयोजित करते हुए उन्हें निर्वाचन संबंधी गतिविधियों एवं आयोग के दिशा-निर्देशों से अवगत कराते रहेंगे। उक्त बैठकों का कार्यवृत्त अनिवार्य रूप से तैयार किया जाएगा तथा बैठकों के संबंध में प्रेस नोट भी जारी किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त निर्वाचन संबंधी जानकारियां जनसामान्य को उपलब्ध कराने हेतु नियमित रूप से प्रेस नोट जारी किए जाएंगे। इस संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से भी आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
5
समस्त जनपदों के सोशल मीडिया हैंडल एवं सोशल मीडिया यूनिट्स के साथ-साथ पुलिस विभाग की सोशल मीडिया टीमों को निरंतर सक्रिय एवं सतर्क रखा जाएगा। सोशल मीडिया पर प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं पर त्वरित कार्यवाही करते हुए उनका नियमित फॉलोअप सुनिश्चित किया जाएगा। झूठी एवं भ्रामक खबरों, अफवाहों तथा आपत्तिजनक सामग्री पर सतत निगरानी रखते हुए तथ्यों का त्वरित सत्यापन, तथ्यपरक खंडन एवं आवश्यक विधिसम्मत कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। ऐसी भ्रामक सूचनाओं को आवश्यक कार्यवाही हेतु साइबर सेल से भी साझा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा दिए गए समस्त दिशा-निर्देशों का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा तथा इस संबंध में मंडल, जनपद एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के स्तर पर नियमित समीक्षा एवं सतत अनुश्रवण किया जाएगा। आयोग के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप उत्तर प्रदेश में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को त्रुटिरहित, स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त, हिंसामुक्त एवं प्रलोभनमुक्त ढंग से संपन्न कराने के लिए संपूर्ण प्रदेश की पुलिस एवं प्रशासनिक टीम पूर्ण निष्ठा, तत्परता एवं दृढ़ प्रतिबद्धता के साथ संकल्पबद्ध है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवदीप रिणवा ने बताया कि प्रदेश में निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा चरणबद्ध ढंग से की जा रही है। इससे पूर्व मेरठ में चार मंडलों के 18 जनपदों तथा आगरा में पांच मंडलों के 21 जनपदों की समीक्षा की जा चुकी है। गोरखपुर में गुरूवार को तीन मंडलों के 11 जनपदों की समीक्षा के उपरांत कल दिनांक 27 नवम्बर, 2026 को आजमगढ़ एवं विंध्याचल मंडलों के 06 जनपदों की समीक्षा की जाएगी, तत्पश्चात लखनऊ में भी समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।
समीक्षा बैठक में गोरखपुर, वाराणसी एवं बस्ती मण्डलों के 11 जनपदों- गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, वाराणसी, जौनपुर, चंदौली, गाजीपुर, बस्ती, संत कबीर नगर एवं सिद्धार्थनगर के जिला निर्वाचन अधिकारी, पुलिस आयुक्त, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित मंडलों के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।


