मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा जनपद गौतमबुद्ध नगर में मतदेय स्थलों का किया गया निरीक्षण
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रगति हेतु जनपद गौतमबुद्ध नगर में की गई समीक्षा बैठक
हाई राइज़ अपार्टमेंट परिसर में बनाए गए बूथों को लेकर नागरिकों का अनुभव सकारात्मक
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने भी विभिन्न जनपदों में विशेष अभियान दिवस की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
29 नवंबर, रविवार को भी आयोजित किया जाएगा विशेष अभियान दिवस, प्रातः 10 से सायं 4 बजे तक खुले रहेंगे बूथ
लखनऊ/गौतमबुद्ध नगर, 28 नवंबर, 2026
लोकतंत्र में हर पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को गति दी जा रही है। इसी क्रम में प्रदेश में 28 नवंबर (शनिवार) को प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) द्वारा प्रातः 10 बजे से अपराह्न 04 बजे तक आलेख्य मतदाता सूची एवं आवश्यक फार्मों के साथ उपस्थित रहकर नागरिकों को मतदाता पंजीकरण एवं संशोधन संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराईं गई।
विशेष अभियान दिवस के अंतर्गत 28 नवंबर को मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने जनपद गौतमबुद्ध नगर के 61-नोएडा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्र क्लब हाउस, एटीएस वन हैमलेट, सेक्टर-104 के बूथ संख्या 771 एवं 772 तथा आर्मी पब्लिक स्कूल, सेक्टर-37 के बूथ संख्या 397 से 402 तक पहुंचकर बीएलओ की उपस्थिति, मतदाता पंजीकरण कार्य एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने हाई राइज़ अपार्टमेंट परिसर में स्थापित मतदेय स्थलों को लेकर स्थानीय नागरिकों से संवाद भी किया। एओए अध्यक्ष ने बताया कि शुरुआत में बाहरी लोगों की आवाजाही, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचने तथा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कुछ निवासियों ने आशंकाएं व्यक्त की थीं। विशेष रूप से महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए गए थे। हालांकि, मतदेय स्थल स्थापित होने के बाद स्थानीय निवासियों का अनुभव सकारात्मक रहा है। मतदान केंद्र के संचालन के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर किसी प्रकार की समस्या सामने नहीं आई और सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक रहीं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के अंतर्गत जनपद गौतमबुद्धनगर में समीक्षा बैठक कर मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) के दौरान तैयार की गई अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट (ASDD) सूची का पुनः सत्यापन कराया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि बूथ लेवल अधिकारियों की किसी भी लापरवाही अथवा त्रुटि के कारण किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
उन्होंने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) को स्पष्ट निर्देश दिए कि 04 जनवरी के बाद जनपद में किसी भी ऐसे पात्र मतदाता की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए, जिसका नाम एसआईआर से पहले मतदाता सूची में दर्ज था, लेकिन पुनरीक्षण के दौरान किसी त्रुटि अथवा अन्य कारण से सूची से हट गया है। इसके लिए उपलब्ध समय का प्रभावी उपयोग करते हुए प्रत्येक मामले का सत्यापन एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिए कि ASDD सूची में पुनः सत्यापन हेतु जनपद के अन्य अधिकारियों को भी बूथ आवंटित किए जाए। ये अधिकारी संबंधित बूथ की ASDD सूची में शामिल प्रत्येक नाम का परीक्षण करेंगे और विशेष रूप से यह देखेंगे कि कहीं किसी पात्र नागरिक का नाम गलती से तो नहीं कट गया है। ऐसे पात्र नागरिकों की पहचान कर उनका फार्म-6 भरवाते हुए नाम पुनः शामिल कराने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रदेश में लगभग 73 लाख युवा अभी मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित होने का अनुमान है। इसी प्रकार बड़ी संख्या में पात्र महिलाएं भी मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाई हैं। इन दोनों वर्गों के पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए जिला युवा कल्याण अधिकारी एवं जिला महिला कल्याण अधिकारी को विशेष जिम्मेदारी दी जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि इन अधिकारियों के माध्यम से पात्र युवाओं एवं महिलाओं तक पहुंचकर उनका फार्म-6 भरवाने की प्रभावी कार्यवाही की जाए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने पात्र दिव्यांग नागरिकों के पंजीकरण के साथ उनकी डेटाबेस फ्लैगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। फ्लैगिंग होने से दिव्यांग मतदाता ECINET ऐप के माध्यम से मतदान दिवस पर जिला निर्वाचन अधिकारी से व्हीलचेयर अथवा अपनी आवश्यकता के अनुसार अन्य सुविधाओं का अनुरोध कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि फ्लैगिंग स्वैच्छिक है।
उन्होंने बताया कि बेंचमार्क दिव्यांगता (40 प्रतिशत से अधिक) वाले मतदाता फार्म-8 के माध्यम से अपना दिव्यांगता प्रमाणपत्र अपलोड कर होम वोटिंग की सुविधा के लिए पात्रता सुनिश्चित कर सकते हैं। ऐसे मतदाताओं से फार्म-12D भरवाने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने 85 वर्ष से अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए, ताकि यह आंकलन किया जा सके कि कितने वरिष्ठ नागरिक शारीरिक असमर्थता के कारण मतदान केंद्र तक पहुंचने में सक्षम नहीं हैं। ऐसे मतदाताओं को नियमानुसार फार्म-12D भरवाकर होम वोटिंग की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अभी से आवश्यक तैयारी की जाए।
उन्होंने कहा कि युवा, महिलाएं, दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक एवं थर्ड जेंडर सहित समाज के उन सभी वर्गों पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिनका मतदाता सूची में प्रतिनिधित्व अपेक्षाकृत कम है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में मौजूद विभिन्न प्रकार की त्रुटियों को दूर करने के लिए टेबल टॉप एक्सरसाइज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों, नाम एवं लिंग संबंधी गलतियों, आयु में विसंगतियों तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप न होने वाली फोटो की जांच कर आवश्यक सुधार कराया जाए। मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी गंभीरता से कार्य करें।
विशेष अभियान दिवस के दौरान प्रदेश के सभी जनपदों में जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही कार्यालय मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के अधिकारियों ने भी विभिन्न जनपदों में पहुंचकर अभियान की प्रगति एवं व्यवस्थाओं का स्थलीय सत्यापन किया।
निरीक्षण के दौरान बीएलओ की उपस्थिति, बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की उपलब्धता, आलेख्य मतदाता सूची की उपलब्धता तथा बीएलओ द्वारा की जा रही टेबल टॉप एक्सरसाइज, पंचायत सूची से मिलान आदि की समीक्षा की गई। मतदाता पंजीकरण एवं संशोधन के लिए पर्याप्त संख्या में फॉर्म उपलब्ध रखने तथा नागरिकों को आवेदन भरने में सहयोग देने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने विशेष रूप से पात्र युवाओं एवं महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की। इसके अतिरिक्त ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ के लंबित प्रकरणों, 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ मतदाताओं की पहचान तथा मतदेय स्थलों पर स्थापित मतदाता सहायता डेस्क की स्थिति का भी जायजा लिया गया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने बीएलओ को निर्देशित किया कि पुनरीक्षण कार्य में पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए अपने कार्यक्षेत्र में घर-घर संपर्क, स्थानीय स्तर पर समन्वय तथा पात्र नागरिकों की पहचान पर विशेष ध्यान दिया जाए। प्राप्त आवेदनों एवं लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, ऐसे मतदाताओं को भी चिह्नित करने के निर्देश दिए गए, जिनके परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदेय स्थलों की मतदाता सूची में दर्ज हैं। ऐसे मतदाता नियमानुसार फॉर्म-8 के माध्यम से अपने नाम को एक ही मतदेय स्थल पर स्थानांतरित कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रदेश वासियों से अनुरोध किया है कि वे विशेष अभियान दिवस का लाभ उठाते हुए आलेख्य मतदाता सूची में अपना तथा अपने परिवार के सभी सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरें। वहीं, नाम, पता अथवा अन्य विवरणों में संशोधन एवं स्थान परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन करें।