लखनऊ: 27 नवम्बर, 2026

उत्तर प्रदेश के होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने बताया कि प्रदेश सरकार होमगार्ड्स अधिकारियों व जवानों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए 05 लाख रूपये की सीमा तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ प्रदान कर रही है। उन्होंने बताया कि यह सुविधा मुख्यमंत्री होमगार्ड्स कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत प्रदान किया जा रहा है। मा0 मुख्यमंत्री जी ने आज होमगार्ड्स विभाग में संचालित इस कैशलेस चिकित्सा व्यवस्था को ’’मुख्यमंत्री होमगार्ड्स कैशलेस चिकित्सा योजना’’ का नाम दिया।
श्री प्रजापति ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत होमगार्ड्स स्वयंसेवकों एवं अवैतनिक अधिकारियों एवं उनके आश्रितों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान किये जाने के दृष्टिगत स्टेट एजेंसी फॉर कम्प्रिहेंसिव हेल्थ इंटीग्रेटेड सर्विस (साचीज) के माध्यम से प्रति परिवार प्रतिवर्ष 05 लाख की सीमा तक राजकीय चिकित्सालयों तथा साचीज से संबंद्ध निजी चिकित्सालयों में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत चिकित्सीय लाभ दिया जायेगा।
उक्त कैशलेस चिकित्सा की सुविधा का लाभ होमगार्ड्स स्वयंसेवकों/अवैतनिक अधिकारियों को उनके सेवाकाल में ही अनुमन्य होगा अर्थात उनकी सेवा समाप्ति के उपरान्त उक्त सुविधा का लाभ उन्हें अनुमन्य नहीं होगा और उनको निर्गत आयुष्मान कार्ड को निरस्त किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *