केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज लखनऊ स्थित डॉ राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन किया। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनावों में लगातार तीसरी बार उत्तर प्रदेश में सत्ता में वापसी करेगी।
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि पार्टी की सरकार अंगद के पैर की तरह मजबूत है और उसे हटाया नहीं जा सकता। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से पूर्ण समर्पण के साथ काम करने का आग्रह किया ताकि स्पष्ट बहुमत से एक और जीत हासिल की जा सके। शाह ने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं को दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि आगामी 2027 का विधान सभा चुनाव पूरी तरह से पार्टी की सामूहिक जिम्मेदारी और नेतृत्व में लड़ा जाएगा। प्रदेश के मंत्री जेपीएस राठौर ने भाजपा राज्य कार्यसमिति की बैठक को लेकर कहा कि श्री शाह के संबोधन ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया है।
—इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, सहित अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। बैठक में प्रदेश भर से आए पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।