आर्थिक हानि, पशुहानि, मकान गिरने आदि की घटना में पीड़ितों को उपलब्ध कराएं सहायता
बेघर हुए लोगों को राहत केंद्र और शरणालय केंद्र पहुंचाए प्रशासन: मुख्यमंत्री
फसलों के नुकसान के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा- किसानों को हरसंभव मदद दें
लखनऊ, 30 अक्टूबर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को हुई बारिश के कारण प्रभावित लोगों को राहत दिलाने का निर्देश किया। फसलों के नुकसान के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि इसका आकलन कर किसानों को हरसंभव मदद दें। हर विपरीत परिस्थितियों में सरकार अन्नदाता के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने यूपी में हो रही बारिश से प्रभावितों को तत्काल राहत देने के निर्देश दिए। उन्होंने अतिवृष्टि से हुई आर्थिक हानि, पशुहानि और जिनके घर गिरे, उन्हें तत्काल अनुमन्य मुआवजा उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि फसल बर्बादी का तत्काल आकलन कर किसानों को यथाशीघ्र मुआवजा दें। घर गिरने से बेघर हुए लोगों को राहत केंद्र और शरणालय केंद्र पहुंचाएं।
मुख्यमंत्री ने प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में रहकर प्रभावित परिवारों से संवाद करने के साथ ही प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता तत्काल उपलब्ध कराने को कहा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
वहीं विपरीत मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री ने आमजन से अपील की कि अकारण बच्चों को घर से न निकलने दें। जीर्णशीर्ण मकान, पेड़, टीन, बिजली के खंभों आदि के पास न खड़े हों, बल्कि सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।