उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने आज लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस कर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण एसएसआर 2027 के तहत आलेख्य मतदाता सूची जारी कर दी। इस सूची में 13 करोड़ 58 लाख 68 हज़ार 905 मतदाता के नाम दर्ज हैं। 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित पिछली अंतिम मतदाता सूची के मुकाबले 18 लाख 84 हजार 113 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है। मतदाता 16 दिसंबर तक अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं, जिनका निस्तारण 28 दिसंबर तक कर दिया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को आएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस आलेख्य मतदाता सूची में 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष और 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 महिला मतदाता हैं। तृतीय लिंग के 4 हजार 042 मतदाता भी सूची में शामिल हैं। प्रदेश का जेंडर रेशियो 834 से बढ़कर 840 हो गया है। इसके पहले एसआईआर के बाद मतदाताओं की संख्या 13 करोड़ 39 लाख 84 हज़ार 792 थी।मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस आलेख्य मतदाता सूची में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या में 05 लाख 80 हजार 08 की कमी हुई है। उन्होंने बताया कि युवाओं को मतदाता बनाने के लिए निर्वाचन विभाग की ओर से कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में एक विशेष अभियान भी चलाया जाएगा। श्री रिणवा ने बताया कि मतदाता सूची में संशोधन के लिए सभी बूथों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। प्रदेश के मतदाता अपने नाम की जानकारी अपने बूथ पर बीएलओ के पास उपलब्ध सूची, ईसीआई नेट मोबाइल ऐप और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश की वेबसाइट के जरिए जांच कर सकते हैं। इसके साथ साथ नागरिक सेवा पोर्टल voters.eci.gov.in पर भी मतदाता सूची देखी जा सकती है।